धनौली में अवैध फैक्टरी को सील कराते आरआई।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। मुरसान सादाबाद मार्ग स्थित गांव धनौली के पास एक खेत में बनी फैक्टरी पर प्रशासनिक टीम ने पुुलिस बल के साथ सोमवार की देर रात छापा मारा। टीम ने फैक्टरी में तारकोल में मिलावट करने वाली मशीन व अन्य सामग्रियां भी बरामद की। टीम ने फैक्टरी से तारकोल के नमूने भी लिए। उसके बाद फैक्टरी को सील कर दिया। हालांकि फैक्टरी किसका यह पता नहीं चल सका।
प्रशासन को जानकारी मिली थी कि गांव धनौली के पास एक खेत में बनी फैक्टरी में तारकोल में मिलावट का धंधा चल रहा है। सूचना पर एसडीएम सदर ने लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ सोमवार की देर रात करीब साढ़े 11 बजे छापा मारा। छापे के दौरान फैक्टरी से विट्रमिन के 11 खाली ड्रम, आधा ड्रम तारकोल, सफेद पाउडर के 520 बोरे, एक टैंक विट्रमिन, एक बिजली का मोटर, एक बड़ा जनरेटर, पाउडर मिक्सिंग मशीन बरामद हुए।
टीम ने आशंका जताई है कि इस सामग्री और मशीनरी का प्रयोग तारकोल में मिलावट के लिए किया जा रहा था। टीम ने मौके से तारकोल के दो डिब्बों के अलावा सफेद पाउडर के भी सैंपल एकत्रित किए। इनको अलग अलग कपड़ों में बांधकर सील किया गया। एसडीएम सदर ने मौके पर फैक्टरी के तीन दरवाजों को सील करा दिया गया। टीम में एसडीएम सदर के अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके मिश्रा, सहायक अभियंता रामजीलाल, सहायक अभियंता गणेशचंद्र, अवर अभियंता डीपी सिंह, अवर अभियंता राजकुमार, आरपी शर्मा, चौकीदार दुर्गेश कुमार के अलावा आरआई डीसी पौरूष, लेखपाल सचिन गुप्ता आदि थे।