कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में बाइकर्स ने दिन-दहाड़े बाइक सवार दंपति से हथियारों के बल पर हजारों की नकदी और जेवर लूट लिए। कोई पीछा नहीं कर सके, इसलिए बदमाश एक अन्य राहगीर की बाइक की भी चाभी निकालकर ले गए। वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस बदमाशों की लोकेशन पता करने में जुट गई है और उनकी घेराबंदी के लिए पुलिस टीम भी रवाना कर दी गई है, लेकिन खबर लिखने तक कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है।
प्रवेश पुत्र मदन सिंह निवासी नगला पोपी कोतवाली हसायन अपनी पत्नी पवित्रा देवी के साथ बाइक से कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव कौमरी में किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे। हाथरस जंक्शन से सासनी जाने वाले रोड प्रवेश की बाइक जैसे ही गांव नगला केशो से मोहारी के बीच पहुंची, तभी पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने हथियार दिखाकर दंपति को रुकवा लिया। इनमें से दो बदमाशों नकाब पहन रखे थे और तीनों के हाथों में तमंचे थे।
बदमाशों के धमकाने पर प्रवेश ने बाइक रोक दी, जिसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब में रखी 7,620 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन अपने कब्जे में कर लिए। उनकी पत्नी का मंगल सूत्र, कुंडल और चार सोने की अंगूठी व अन्य जेवर उतरवा लिए। इस बीच वहां से एक अन्य राहगीर की बाइक भी गुजर रही थी। बदमाशों ने उनकी बाइक भी रुकवा ली और उनकी बाइक की चाभी को अपने कब्जे में कर लिया। बदमाश यह धमकी देकर भाग गए कि अगर उनका पीछा किया तो अच्छा नहीं होगा।
लुटे-पिटे दंपति ने शोर मचाया तो मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। कोतवाली हाथरस जंक्शन एसओ जगदीशचंद्र भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित दंपति से घटना के बारे में जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। एसओ का कहना है कि बदमाशों की लोकेशन पता की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और वारदात का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम सूचनाओं के आधार पर बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।