हाथरस। चंदपा स्थित चन्द्रगढ़ी मतदान केन्द्र पर पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट हो गई। भीड़ केन्द्र के अंदर घुस आई। अन्य मतदान कमियों संग भी मारपीट की गई। मतपत्र लूटने का प्रयास किया गया। सूचना मिलने पर डीएम, एसपी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दो पोलिंग एजेंट सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इस दौरान लगभग 15 मिनट तक बूथ पर मतदान रुका रहा।
चंदना थाना क्षेत्र के गांव चंद्रगढ़ी मतदान केन्द्र पर शनिवार की दोपहर लगभग 10 मिनट तक दबंगों का कब्जा रहा। दबंगों ने पोलिंग बूथ के अंदर घुसकर बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी लाखन सिंह के साथ मारपीट कर दी। गांव के पोलिंग एजेंट अशोक सिंह का आरोप था कि पीठासीन अधिकारी पोलिंग बूथ के अंदर एक प्रत्याशी को जिताने के लिए मतदाताओं से मत पत्र पर मोहर लगवाकर जबरन वोट डलवा रहा था। इसी बात को लेकर गांव के करीब 20 से अधिक लोग पोलिंग बूथ में घुस गए।
केन्द्र पर हंगामा शुरू कर दिया। बेरीकेटिंग तोड़ दी गई। अन्य मतदान कर्मियों के साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। दबंगों ने मतदान कर्मियों से मतपत्र छीनने का प्रयास भी किया। बूथ पर हंगामे के चलते मतदाता पोलिंग बूथ से इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलने के बाद डीएम अबरार अहमद और एसपी डा. एस. चन्नप्पा भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से दो पोलिंग एजेंट सहित एक युवक को हिरासत में लिया है।