हाथरस। मधुगढ़ी स्थित रानी मिल कंपाउंड में मौजूद हीरो बाइक की एजेंसी महाराजा ऑटो वर्ल्ड में तीन फरवरी को हुई चोरी के मामले में गुरुवार को एसपी अजय पाल शर्मा मौके पर पहुंचे और वारदात की पूरी जानकारी ली। एसपी ने देर तक जांच-पड़ताल करने के बाद सदर कोतवाली पुलिस से इस मामले में अभी तक हुई प्रगति के बारे में पूछा। एसपी की पड़ताल करने से अधीनस्थ अधिकारियों में खलबली मच गई।
मालूम हो कि चोरों ने बाइक एजेंसी के कार्यालय में सेंध लगाकर लाखों का कैश साफ कर दिया था। बेहद शातिर तरीके से की गई इस चोरी के बाद कई घंटे तक सुराग तलाशने की कोशिश की गई थी। फिंगर प्रिंट भी लिए गए थे और सीसीटीवी फुटेज से भी चोरों की पहचान करने की कोशिश की गई थी। हालांकि यह सारी कोशिश बेकार साबित हुई और वारदात के 20 दिन बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका। शहर के व्यापारी भी कई बार एसपी से मिलकर चोरी के खुलासे की मांग कर चुके हैं।