सादाबाद पुलिस ने मुरसान चौराहे पर शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
युवक के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। युवक को इस मामले में राजस्थान के झुंझनू न्यायालय से सजा सुनाई गई थी।
कोतवाली में सीओ सुधीर कुमार त्यागी और एसओ महेश यादव ने पत्रकारों को बताया कि छह अगस्त को एसआई कुंवरपाल सिंह मय एचसीपी रामशरण सिंह शांति व्यवस्था पर ड्यूटी पर थे।
मुखबिर की सूचना पर टेंपो मेें बैठे अभियुक्त संदीप पाराशर पुत्र सतीशचंद्र पाराशर निवासी एमआईजी 103, सेक्टर 68 आवास-विकास कॉलोनी सिकंदरा आगरा को मय एक तमंचा 315 बोर और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में इस अभियुक्त ने कुबूल किया कि वह अपनी पत्नी मनीषा शर्मा की हत्या के मामले में थाना मुकुंदगढ़ जिला झुंझनू राजस्थान से आजीवन कारावास का सजायाफ्ता कैदी है।
वह अपनी बीमारी के कारण दो अगस्त को प्रिंस विजॉय मैमोरियल हॉस्पिटल बीकानेर में पुलिस अभिरक्षा में उपचार करा रहा था। वह चार अगस्त को सुबह पांच बजे पुलिस को चकमा देकर पुलिस अभिरक्षा से अस्पताल से फरार हुआ है।