मुरसान क्षेत्र के गांव बंका और अहरई में मारपीट के एक मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष ने लाठी-डंडों से मारपीट की और तमंचे से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष ने रिपोर्ट को फर्जी बताते हुए पुलिस पर बिना जांच कार्रवाई का आरोप लगाया है।
गांव दऊदा निवासी हेमंत ने पुलिस को की शिकायत में कहा है कि 22 अक्तूबर की सुबह उनका भतीजा ललित कुमार गांव बंका में चक्की पर आटा लेने गया था। आरोप है कि वहां सुनील, शुभम और तीन अन्य युवकों ने ललित से मारपीट की। हेमंत के अनुसार, जानकारी मिलने पर वह भतीजे के साथ गांव अहरई पहुंचे। वहां यतेन्द्र, सुनील, शुभम, सुरेन्द्र, करन, डिगम्बर, मुकेश और देवजीत ने उनसे और ललित से मारपीट की। हेमंत ने आरोप लगाया कि सुनील तमंचा लेकर ललित के पीछे दौड़ा।
आरोपी सुरेन्द्र सिंह और मुकेश ने रिपोर्ट को फर्जी बताया। सुरेन्द्र ने कहा कि वह खेत पर थे, जबकि मुकेश घर पर पुताई कर रहे थे। सुनील ने आरोप लगाया कि 11 अक्तूबर को उसके साथ मारपीट हुई थी। उसने मुरसान कोतवाली में एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सुनील के अनुसार, दूसरे पक्ष के लोग पुरानी रंजिश में झूठी रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। मुरसान कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।