मध्य प्रदेश के इटारसी जिले की जीआरपी ने बुधवार को शहर में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस 13 मार्च को ट्रेन में एक शिक्षिका के मोबाइल चोरी के आरोपी की तलाश में यहां पहुंची है। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि उसके दूसरे साथी फरार हैं।
दबिश देने वाली टीम का नेतृत्व कर रहे एसआई एसएन मिश्रा ने बताया कि मामला मोबाइल चोरी से जुड़ा है। एक अहम आरोपी की तलाश में शहर में कई जगह दबिश दी गई है। फरार आरोपियों की लोकेशन हाथरस में मिली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। एसआई एसएन मिश्रा ने कहा कि 13 मार्च को इटारसी-भुसावल पैसेंजर में सनावद की शिक्षिका का पर्स चोरी हो गया था।
आरोपी चोरी के मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे। शिक्षिका ने दोनों मोबाइल को आपस में खास सॉफ्टवेयर से जोड़ रखा था। तभी शिक्षिका के दूसरे मोबाइल पर वह सेल्फी आ गई। इसके बाद शिक्षिका ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जल्द ही एक आरोपी को हरदा से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा साथी फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल बरामद कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में हाथरस में दबिश दी गई है। जल्द ही उसे भी दबोच लिया जाएगा।