हाथरस। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव मुगरिया में चार बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया और जमकर लूटपाट की। बदमाश घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और परिजनों को बंधक बनाकर सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात और छह हजार रुपये की नकदी ले गए। बदमाश सोमवार की रात रघुवीर पुत्र भूप सिंह के घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने घर में मौजूद सास-बहू को बंधक बना लिया। घर के बाकी लोग मथुरा गए हुए थे। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर बदमाश सोने के झुमके, कानों की बाली, बिछिया, छह जोड़ी पायजेब, घड़ी और नकदी ले गए। बदमाशों के जाने के बाद महिलाओं ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें घर से निकाला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। एसओ एसपी सिंह के मुताबिक चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोर पुलिस की पकड़ में होंगे।