हाथरस। गरीब और भूखे लोगों के लिए सर्दी जानलेवा हो चुकी है। 26 जनवरी को 67 वें गणतंत्र दिवस पर एक गरीब महिला ने सर्दी के कारण दम तोड़ दिया। वह बागला कॉलेज के पास प्रोफेसर कॉलोनी में जिस कोठरी में अपने परिवार के साथ गुजर-बसर कर रही थी, उस पर छत नहीं थी और एक तिरपाल डालकर सर्दी से राहत पाने की कोशिश की गई थी। गणतंत्र दिवस की शाम को चंचल देवी(40) पत्नी चरन सिंह की हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक सर्दी के कारण उसे दिल का दौरा पड़ गया था। हालत बिगड़ने के बाद परिजन किसी तरह उसे जिला अस्पताल ले जा सके, तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी। उसका मजदूर पति और छोटे बच्चे बिलखते रह गए। कुछ समाजसेवियों ने चंदा कर महिला का अंतिम संस्कार कराया। ठंड से महिला की मौत प्रशासन तक भी पहुंची। कहा गया कि मदद मांगने पर दी जाएगी। महिला के परिजन अगर मुआवजे की मांग करेंगे तो यह सुनिश्चित करने के बाद कि महिला की मौत प्रकृति के कोप से हुई है, मदद दी जाएगी।