ट्रक लूट की घटना मे घायल शमशाद
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
सादाबाद (हाथरस)। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाइवे पर थाना क्षेत्र के गांव गुरसौटी के पास बोलेरो सवार पांच बदमाशों ने तमंचे के बल पर प्याज से भरा ट्रक, 30 हजार रुपये, चार मोबाइल लूट लिए। बदमाशों ने ट्रक चालक दो भाईयों और हेल्पर के साथ मारपीट भी की। ट्रक इंदौर से प्याज लेकर रुड़की जा रहा था।
थाना बेहट जिला सहारनपुर के गांव जशमोर पठानपुरा निवासी इरशाद पुत्र शकूर खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके भाई शमशाद व शहनवाज 12 टायरा ट्रक संख्या यूपी 11 एटी 2216 लेकर इंदौर से रुड़की आ रहे थे। ट्रक का स्वामी खुद वह (इरशाद) है। ट्रक में 20 टन प्याज लदी थी। घटना 25 अप्रैल की रात करीब 1.20 बजे की है। सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव गुरसौटी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्कूल के सामने बने ब्रेकर पर पहुंचे तो पीछे से एक बोलेरो कार ने उनके ट्रक को ओवरटेक कर तमंचे के बल पर रुकवा लिया। पांच बदमाश ट्रक में चढ़ गए और उसके भाईयों के साथ मारपीट की तथा उनसे 30 हजार रुपये, चार मोबाइल तथा प्याज से लदे ट्रक को लूटकर ले गए। इस घटना में उसके भाईयों के साथ-साथ हेल्पर आलम पुत्र भूरा निवासी हसनपुर चुंगी रक्खा कॉलोनी थाना सदर बाजार सहारनपुर भी घायल हुआ है। एसओ महेशचंद्र ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।