थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुरसान रोड़ से गांव महावतपुर को जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार दोपहर करीब साढे़ 12 बजे बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने बाइक सवार भाई-बहन को लूट लिया। वहीं, बहन को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाश लाखों रुपये के जेवर व नकदी आदि लूटकर भाग गए।
थाना चंदपा क्षेत्र के गांव महमूदपुर जाटान निवासी रंजना पत्नी सौरभ शर्मा (32 वर्ष) अपने भाई विजय शर्मा पुत्र सुरेंद्र प्रताप उपाध्याय के साथ अपने मायके मंडनपुर जलेसर से शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव के लौट रही थी। जैसे ही विजय शर्मा मुरसान रोड़ से महावतपुर वाले रोड़ पर भट्ठे के समीप पहुंचे तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बराबर में आकर लात मारकर विजय को गिरा दिया। इसी दौरान एक बदमाश ने तमंचा दिखाते हुए रंजना शर्मा से उनका पर्स छीनने की कोशिश की।
पर्स छीनने में कामयाब न होने पर बदमाश ने तमंचे की बट से रंजना शर्मा के सिर पर प्रहार किया और उसका पर्स छीन लिया। इस बीच बदमाशों ने उनसे दो सोने की चेन, पेंडल, दो अंगूठी, कुंडल भी लूट लिए। महिला के पर्स में करीब पांच हजार रुपये व एक मोबाइल भी था। बट के प्रहार से रंजना शर्मा घायल हो गयी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।