लूटकांड के खुलासे की जानकारी देते एसपी। उनके पीछे खड़े पकड़े गए बदमाश।
- फोटो : amar ujala
क्राइम ब्रांच और चंदपा पुलिस ने 27 अगस्त की रात को चंदपा क्षेत्र में केवलगढ़ी के पास रोडवेज बस में चालक, परिचालक और यात्रियों के साथ मारपीट कर हुई लूट का खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस ने लूट करने वाले सात में से छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। चंदपा पुलिस ने लूट के इरादे से मौजूद इन बदमाशों को कोटा-कपूरा चौराहे पर मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस पहले इसे डकैती मानने से इंकार कर रही थी, हालांकि बदमाशों के पकड़ में आने के बाद मुकदमे को डकैती की धाराओं में तरमीम किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि आरोपी मुरादाबाद-आगरा डिपो की बस में अलीगढ़ से सवार हुए थे। बदमाशों ने बस में अलग-अलग टिकटें खरीदीं ताकि किसी को उनके एक साथ होने का शक न हो। रोडवेज बस में लूट की योजना अलीगढ़ में ही बनाई गई थी। आरोपियों ने ज्यादा सवारियों वाली बस को लूटने का इरादा बनाया था। सभी ने आगरा तक की टिकट ली थी। लेकिन आगरा पर बस खत्म होने की बात पता लगने पर उन्होंने चंदपा के पास बस रोककर लूट की घटना को अंजाम दे दिया। आरोपियों में से एक भारी वाहन चलाने में माहिर था।
जरूरत पर वह बस को कहीं भी ले जा सकता था। चालक पर काबू पाने के बाद बदमाशों ने जमकर लूटपाट की थी। लूट के बाद सभी आरोपी पुलिस से बचने के लिए दो हिस्सों में बंट गए थे। खेतों की ओर भागने की जगह आरोपी शहर की ओर चल दिए। वहीं लूट के बाद पुलिस घटनास्थल के आसपास खेतों और गांवों में आरोपियों की तलाश कर रही थी। तीन आरोपी सड़क किनारे होते हुए तालाब चौराहे तक पहुंचे वहीं चार आरोपी उनके पीछे-पीछे अलग गुट में तालाब चौराहे तक आए। अगर वह एक साथ आते तो पुलिस की नजर उन पर पड़ सकती थी।
तालाब चौराहे से सभी एक रोडवेज बस में सवार होकर अलीगढ़ चले गए।