पकड़े गए सट्टेबाजों के बारे में खुलासा करते एसपी दिलीप कुमार। साथ में एएसपी, सीओ, पुलिस-एसओजी टीम।
- फोटो : अमर उजाला
शहर से लेकर कस्बों तक आईपीएल मैचों में जमकर सट्टा लगाया जा रहा है। शनिवार को पुलिस और एसओजी की टीम ने कस्बे की डाकखाना गली में एक मकान की तीसरी मंजिल से आईपीएल मैचों में सट्टा लगा रहे दो सटोरियों को रंगेहाथ दबोच लिया। यह सटोरिए 22 अप्रैल को पूना और हैदराबाद के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच में टीवी और मोबाइल के जरिए हार जीत की बाजी लगा रहे थे।
थाना कोतवाली पर घटना की जानकारी देते हुए एसपी दिलीप कुमार ने बताया कि 22 अप्रैल को एसओ कुशलपाल सिंह को मुखविर के जरिए सूचना मिली थी कि शाम चार बजे से पूना हैदराबाद के बीच आईपीएल मैच होगा। कस्बा सादाबाद में देवेंद्र अग्रवाल पुत्र जमुनाप्रसाद निवासी डाकखाना गली अपने एक अन्य साथी सानू पुत्र मौहम्मद अली निवासी डाकखाना गली के साथ अपने मकान की तीसरी मंजिल पर मोबाइलों व टीवी स्क्रीन के जरिए आईपीएल मैच के सट्टे की खाईबाड़ी करेगा।
यह सूचना मिलते ही एसओ ने सर्च वारंट प्राप्त कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसओजी टीम को भी इस कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। एसपी ने बताया कि उन्हीं के निर्देशन में यह कार्रवाई हुई। सर्च वारंट प्राप्त करने के पश्चात मय एसओजी प्रभारी महेशचंद यादव अपनी टीम के साथ कस्बा सादाबाद आए और मुखबिर की सूचना पर डाकखाना गली में देवेंद्र अग्रवाल के मकान पर पहुंचे। मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में देवेंद्र और सानू मोबाइल और टीवी स्क्रीन के जरिए सट्टा लगा रहे थे। पूना व हैदराबाद की टीम के बीच आईपीएल मैच चल रहा था। मोबाइलों के जरिए व टीवी स्क्रीन पर आ रहे आईपीएल मैच के अनुसार हार-जीत के दाव लगाए जा रहे थे। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। खुलासे के दौरान एएसपी संसार सिंह, सीओ मनीषा सिंह आदि भी मौजूद थे। सटोरियों को पकड़नी वाली पुलिस और एसओजी टीम में एसओ कुशलपाल सिंह, एसआई कुवंरपाल सिंह, एचसीपी रामशरन यादव, कां. प्रदीप कुमार, कां. महावीर सिंह, एसओजी प्रभारी महेशचंद यादव के अलावा एसओजी टीम में शामिल सुधीर राघव, भूपेंद्र सिंह, संदीप राघव, वीरेश कुमार और नागेंद्र कुमार शामिल थे।