हाथरस/सासनी सड़क दुर्घटना में शनिवार को घायल एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाली सासनी क्षेत्र के अजरोई निवासी गुलवीर सिंह पुत्र उत्तम सिंह और उनका बेटा विवेक कुमार स्कूटी पर सवार को एबीजी अस्पताल से दवा लेने आए थे।
पिता-पुत्र दवा लेकर गांव लौट रहे थे। इस बीच एक कार ने इनकी स्कूटी में कन्या गुरुकुल के निकट टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई। लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर उनके परिजन भी आ गए। दोनों को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही गुलवीर सिंह की मौत हो गई। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
वहीं घायल बेटे की हालत गंभीर बताई जाती है। उसका अलीगढ़ में इलाज चल रहा है। सासनी कोतवाली के इंस्पेक्टर कैलाश बाबू ने बताया कि मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। कार पुलिस के कब्जे में है।