हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव सिथरौली में बुधवार की देर शाम एलटी और एचटी लाइन आपस में भिड़ र्गइं, जिससे गांव के कई घरों में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आकर छह से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को गंभीर हालत में बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और चीख-पुकार मची रही।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ट्रांसफर के लिए एचटी लाइन आई है, जबकि ट्रांसफॉर्मर से ही गांव में आम उपभोक्ताओं के लिए एलटी लाइन जा रही है। बुधवार की शाम को अचानक गांव में रखे ट्रांसफॉर्मर में धमाके के साथ फॉल्ट हुआ, जिससे एलटी और एचटी लाइन आपस में भिड़ र्गइं। दुर्घटना के बाद गांव में चल रहे विद्युत उपकरणों से चिंगारियां फूटने लगीं। इसके अलावा गांव में लोगों ने रोशनी के लिए लगाए गए बल्व और सीएफएल आदि भी फूट गईं। केबलों में चिंगारियों के साथ आग दौड़ने लगी, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।
कुछ लोगों ने इसी प्रयास में अपने विद्युत संचालित उपकरणों टीवी आदि को बंद करने के प्रयास किए। इस दौरान कुछ महिलाओं और पुरुषों को करंट के झटके लगे, जिससे वह झटके के साथ गिरे। दुर्घटना में विजेंद्र सिंह और जंगली प्रसाद करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।