कस्बे के मोहल्ला कस्सावान में रविवार देर रात एक ही समुदाय के लोगों में खूनी संघर्ष हो गया। मामूली बात पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर चाकू, छुरे और तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की रिपोर्ट मृतक की पत्नी ने 10 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताते हैं कि रविवार की रात करीब 11 बजे कस्बा के मोहल्ला कस्सावान में अनीस पुत्र रज्जाक के घर के बाहर कुछ युवक बैठकर बातें कर रहे थे। तभी अनीस घर के बाहर निकला और आरोपी युवकों से बैठने के लिए मना किया इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि आरोपी युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इन लोगों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आरोपी युवकों ने छुरा, चाकू और तलवार लेकर अनीस पर हमला कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
शोरगुल सुनकर अनीस के परिवार के अन्य लोग भी मौके की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक आरोपियों ने अनीस को धारदार हथियारों से गोद दिया, जिससे अनीस गंभीर रूप से घायल हो गया। अनीस को बचाने आए उसके भाई मुश्ताक, जीनस, अहसान, रमजानी पुत्रगण अजमेरी, हाशमीन पत्नी अनीस गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार को ले जाते समय अनीस ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि भाई मुश्ताक को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
खबर लिखने तक उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। इलाके में तनाव के मद्देनजर एहतियातन जिले की कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलवा ली गई। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार, सीओ सुमन कनौजिया भी घटना स्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने मौके से आरोपी जमील पुत्र छुट्टन खां, नसीम पत्नी जमील खां और नब्बो उर्फ नगमा, मैसर पुत्री जमील खां को गिरफ्तार कर लिया, जबकि छह अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। सासनी कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।