महिला की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस जंक्शन क्षेत्र में जलेसर रोड पर बेरगांव के निकट चारा लेकर घर जा रहे दंपती को एक कार ने रौंद दिया। हादसे के बाद घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टराें ने महिला को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं हादसे में घायल महिला के पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद कार के पलट जाने से ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
बेरगांव निवासी लालता देवी (40) शनिवार सुबह अपने पति सुरेश चंद्र के साथ खेत से चारा लेने गई थीं। करीब साढ़े नौ बजे दोनों घर लौट रहे थे। खेत से गांव की कच्ची सड़क पर आते ही गांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दंपती को रौंद दिया। हादसे में ललिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं हादसे के बाद चालक ने कार भगाने की कोशिश की लेकिन कच्चे रास्ते पर गड्ढे में फंसकर कार पलट गई।
मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर धुन दिया। ग्रामीणों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने ललिता देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर मौके पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। यहां ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पुलिस को सौंप दिया। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस शिकायत मिलने पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।