पूर्व विधायक के भाई राकेश अग्रवाल के मकान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सपा विधायक विधायक देवेंद्र अग्रवाल के भाई राकेश अग्रवाल के विभव नगर स्थित मकान से लाखों की चोरी हो गई है। राकेश अग्रवाल के बेटे मयंक ने इस बारे में पुलिस से शिकायत की है और चोरी कराने के पीछे पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय का हाथ होना बताया है।
मयंक ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दी शिकायत में कहा है कि पुष्पेंद्र की मृत्यु के मामले में उनके पिता और परिवारीजनों को झूठा फंसाया जा रहा है। पुलिस ने पूर्व मंत्री के दबाव में कुर्की वारंट निकाल दिए हैं। इस कारण उनके पिता, भाई और मां को मजबूरी में घर छोड़ना पड़ा। पुलिस केवल दूसरे पक्ष की सुनवाई कर रही है। 28 मार्च की रात को कुछ लोगों ने घर के ताले तोड़कर पेट्रोल पंप से आए चार लाख रुपये, सोने की चार चूड़ी, दो कॉलर, एक मंगलसूत्र, छह अंगूठी, एक जंजीर, एक पेंडल, चांदी के जेवरात, लैपटॉप, दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। अगले दिन सुबह पड़ोसियों से चोरी का पता चला। इस बारे में तभी यूपी 100 को फोन कर बता दिया था। मयंक ने कहा कि पूर्व मंत्री के लोग उन्हें धमकी दे रहे थे कि या तो गिरफ्तार हो जाओ नहीं तो सभी के घर के ताले तुड़वा दिए जाएंगे। इसके बाद ही उनके यहां चोरी की घटना हो गई। कोतवाली इंस्पेक्टर सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।