पंत चौराहे पर सोमवार को तड़के सवारियों से भरी एक बस के एलपीजी टैंकर से टकराने से अफरा-तफरी मच गई। बस टैंकर के पिछले हिस्से से अटककर कई मीटर घिसटती गई और उसके बाद बिजली के पोल से टकराकर रुक गई।
गनीमत थी कि सुबह का समय होने से चौराहे पर भीड़ नहीं थी ओर टैंकर भी गैस रहित था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में बस के क्लीनर का सिर फट गया और कई सवारियां घायल हो गईं।
सुबह बस को मौके से हटवाया गया। तब कहीं जाकर चौराहे पर आवागमन सुचारू हो सका। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी गई थी।
बता दें जयपुर से बरेली तक डीलक्स कोच बसें चलती हैं। सोमवार की सुबह करीब तीन बजे बस बरेली जाने के लिए जैसे ही पंत चौराहे पर पहुंची, वैसे ही अलीगढ़ की तरफ जाते एचपी कंपनी के एलपीजी टैंकर के पिछले हिस्से से गड्ढों के कारण जा टकराई।
टक्कर से बस की चालक साइड की केबिन का हिस्सा टैंकर के पिछवाड़े फंस गया। टैंकर बस को 20 मीटर तक खींचता ले गया। बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। बस परिचालक कदीर का सिर फट गया।
बाद में कई सवारियां तो घायल होने के बावजूद दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। जिस तरह बस बिजली के पोल से टकराई। ऐसे में अगर पोल टूट जाता तो ऊपर से गुजर रहे एचटी लाइन के तार बस के ऊपर गिरते तो हादसा बड़ा हो सकता था।