इगलास अड्डे के पास धाऊ बाग बगीची पर भोला पहलवान पर शनिवार देर रात हुए जानलेवा हमले के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को नामजद किया है। उधर, अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भोला पहलवान की हालत अब खतरे से बाहर है। उनके पेट और पीठ में तीन गोलियां लगी थीं। पहलवान को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया था।
कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने भोला पहलवान के पिता रामवीर सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी अखैपुर, इगलास, अलीगढ़ की शिकायत पर इगलास रोड स्थित रत्नगर्भा कॉलोनी निवासी लक्ष्मण पहलवान और उसके तीन अन्य अज्ञात साथियों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
रामवीर सिंह ने कहा है कि भोला बगीची के गेट के पास खड़ा था तभी आरोपी बाइक पर सवार आए और आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली निरीक्षक रजनेश तिवारी का कहना है कि जानलेवा हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। भोला की हालत में अब सुधार है। लक्ष्मण समेत चार पर भोला के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।