सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी ने मंगलवार को सादाबाद गेट स्थित मोबाइल शॉप से हुई लाखों की चोरी के मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी फरार है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 76 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही कुछ और चोरियों से पर्दा हटाया जा सकता है।
15 फरवरी की रात को हुई चोरी में मोबाइल शॉप टुडेज मोबाइल से 200 के करीब मोबाइल और एसेसरीज चोरी हुए थे। इनकी कीमत 13 से 14 लाख रुपये के बीच थी। जबकि बरामद किए गए 76 मोबाइलों में से कीमती मोबाइलाें की संख्या काफी कम है और इनकी कीमत केवल एक से डेढ़ लाख रुपये के बीच ही है। पुलिस बाकी मोबाइलों की बरामदगी का भरोसा दिला रही है।
सदर कोतवाली में प्रेसवार्ता करते हुए सीओ सिटी आरके गौतम ने कहा कि छोटे उर्फ विशाल पुत्र प्रताप सिंह निवासी नगला भोजा फरार है और उसकी गिरफ्तारी के साथ ही बाकी मोबाइल बरामद कर लिए जाएंगे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी आगरा रोड पर को-ऑपरेटिव बैंक के सामने से होना बताया है।
गजनी के लंबे बालों से खुला राज
पुलिस ने चोरी के आरोप में हाकिम पुत्र प्रभूदयाल निवासी नगला टीका, राजकुमार पुत्र महेंद्र निवासी नाई का नगला, पूरन पुत्र प्रताप निवासी नगला भोजा और सूरज उर्फ गजनी पुत्र छोटेलाल निवासी नगला टीका को दबोचा है। इनमें से सूरज उर्फ गजनी के बाल काफी लंबे हैं। चोरी के समय उसने बालों की चोटी बनाई हुई थी। सीसीटीवी कैमरे में उसकी पहचान भी चोटी वाले के रूप में हुई। स्थानीय होने के कारण पुलिस को चोटी वाले गजनी की पहचान करने और उसे दबोचने में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई। गजनी के हाथ आते ही चोरी का राज खुल गया। गजनी साल 2013 में डॉ. विजयकांत के बैंक कॉलोनी स्थित घर में हुई चोरी में भी शामिल था। उसके हाल ही में हुई चोरियों में भी शामिल रहने के सुराग पुलिस को मिले हैं। पुलिस जल्द ही इन चोरियों से पर्दा हटा सकती है।
सस्ते दामों पर बेचे कीमती मोबाइल
चोरों ने मोबाइल चुराने के बाद उन्हें सस्ते दामों पर शहर के कई इलाकों में बेच दिया। सुबूत नष्ट करने के लिए मोबाइल फोनाें के डिब्बे भी जला दिए गए। लोगों ने महंगे एंड्रायड फोन हजार-दो हजार रुपये में खरीद भी लिए। पुलिस के हाथ ऐसे ही कुछ खरीददार लग गए, जिससे चोरी का राज खुल गया। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि सस्ते दामों पर बेचे गए मोबाइल फोनों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। खरीददारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदार ने जुटाए अहम सुराग
मोबाइल चोरी के इस खुलासे में दुकानदार की भूमिका भी अहम रही है। मोबाइल चोरी के बाद जब पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी थी। तभी दुकानदार ने यह पता कर लिया कि चोरी गए मोबाइलों में से छह को सिम लगाकर चालू कर लिया गया है। लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस को केस में सफलता मिलती नजर आई और पूरे मामले की छानबीन तेज हो गई।