सासनी/हाथरस।। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने गुरुवार की सुबह ग्राम ममौता कलां के राशन विक्रेता की दुकान पर छापा मारा। छापे के दौरान राशन का गेहूं-चावल चक्की पर रखा मिला। जिस पर दुकान को सील कर दिया गया। कार्रवाई की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। ग्रामीणों की शिकायत पर विभाग ने यह कार्रवाई की थी। दरअसल ग्राम पंचायत ममौता कलां की उचित दर विक्रेता गुडडी देवी द्वारा राशन वितरण में धांधली की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन सामग्री कालाबाजारी में बिक्री की जाती है। उपभोक्ताओं को निर्धारित दर एवं समय पर राशन का वितरण नहीं किया जाता है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा था। बुधवार को ग्राम प्रधान ज्योति सिंह व ग्रामीणों ने डीएम शमीम अहमद से राशन विक्रेता की शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर डीएसओ सुनील सिंह तथा पूर्ति निरीक्षक श्याम कुमार ने संयुक्त रूप से छापा मार कर दुकान सील कर दी। आरोप है कि जांच के समय राशन का गेंहूं व चावल गांव में चक्की पर रखा मिला था। जिससे ग्रामीणों के आरोपों की पुष्टि हो गई।