हाथरस। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने एसडीएम सासनी को राशन डीलर की जांच कराने के लिए लिखा है। ग्राम प्रधान ममौता खुर्द और कलां ज्योति सिंह की शिकायत पर डीएसओ ने एसडीएम से राशन डीलर के खिलाफ विधिवत रूप से जांचकर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
डीएसओ ने अपने पत्र में कहा है कि ग्राम प्रधान ममौता खुर्द और कलां ज्योति सिंह ने प्रमुख सचिव ग्रह को एक शिकायत भेजी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक शातिर किस्म के व्यक्ति ने एक महिला के साथ मिलकर करीब 10 साल पूर्व फर्जी दस्तावेज बनाकर ग्राम पंचायत में राशन की दुकान आवंटित करा ली है। इनसे पूर्व यह दुकान किसी दूसरे व्यक्ति के नाम थी। अनियमितता के कारण उनकी दुकान को निरस्त कर दिया गया और कुछ समय के लिए दूसरी पंचायत के डीलर से अटेच कर दिया गया, लेकिन इस व्यक्ति ने फर्जी हस्ताक्षर बनाकर दुकान आवंटित करा ली। इसका संचालन यह व्यक्ति ही कर रहा है, जोकि नियम विरुद्ध है। एसडीएम सासनी के अलावा डीएम को भी शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रधान ने इस मामले की जांच कराके दुकान को निरस्त करने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अब डीएसओ ने एसडीएम सासनी को पत्र लिखकर इस मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है।