क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढड़ौली की ग्राम प्रधान मंजू देवी और उनके पति राघवेंद्र सिंह के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह रिपोर्ट महिला की शिकायत पर की गई है।
इस मामले में कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जन्नत बेगम पत्नी रमजानी निवासी ढड़ौली ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उसका प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास निर्माण कराए जाने के लिए चयन हुआ था।
31 अक्तूबर को जन्नत बेगम ने यह शिकायत की कि उनसे आवास की किश्त दिलाने के नाम पर पैसा लिया गया है, लेकिन आवास की अंतिम किश्त नहीं दी गई, जिससे उसका आवास अधूरा रह गया। लाभार्थी ने शपथ पत्र के साथ इसकी शिकायत डीएम से की। डीएम ने इसकी जांच कराई। इसकी जांच एडीओ पंचायत ने की। जांच के दौरान गांव के कुछ अन्य लोगों ने भी आवास के नाम पर पैसा लेने की बात कही। जन्नत बेगम की तहरीर पर धारा 384, 420आईपीसी के तहत दर्ज की गई है।
----
कुछ लोगों ने अधिकारियों से मिलकर मेरे फर्जी हस्ताक्षर कर राशन डीलर का चयन करा लिया था। मैने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। इस शिकायत को वापस लेने के लिए दवाब बनाने की खातिर ही मेरे खिलाफ यह षडयंत्र रचा जा रहा है।
-मंजू देवी, ग्राम प्रधान