कोतवाली के गांव महामई में एक विवाहिता की सुसरालीजनों ने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद ससुरालीजन शव को घर में छोड़कर फरार हो गए। एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नई दिल्ली के आनंदधाम थाना मझोला निवासी अशोक पांडेय पुत्र विद्याप्रसाद पांडेय ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री रोशनी की शादी पांच माह पूर्व गांव निवासी युवराज त्रिवेदी से की थी। शादी में पर्याप्त दान दहेज देने के बावजूद और दहेज के लिए रोशनी का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो पति युवराज, विजय किशोर श्वसुर, राजकिशोर बड़े श्वसुर, आंचल, श्वेता नंदों ने 15 नवंबर की रात को गला दबाकर रोशनी की हत्या कर दी।
इधर, रात में ही शव को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों को बताया गया कि करंट से मौत हुई है। मृतका के पिता ने बताया कि पुत्री के गले पर लाल, नीले निशान थे। कोतवाली पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।