थाना क्षेत्र के गांव नगला कोठी में हाइटेंशन विद्युत लाइन में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई,जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक का शव काफी देर तक पोल पर ही लटका रहा। बाद में उसे जैसे-तैसे उतरवाया गया। इधर,गंभीर रूप से झुलसे लोगों को बेहद नाजुक हालत में अलीगढ़ भेजा गया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला कोठी में कुछ मजदूर नई विद्युत लाइन डालने का काम कर रहे थे।यह काम एक ठेकेदार करा रहा था।इसके निकट से ही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। किसी तरह से इस नई लाइन में करंट आ गया और इसका नतीजा यह हुआ कि विद्युत करंट की चपेट में आकर सोनपाल पुत्र गीतम निवासी निंजरा बुरी तरह से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि तीन अन्य कर्मी राकेश,रामवीर,मुकेश बुरी तरह से झुलसकर पोल से नीचे गिर गए। यह भी निंजरा के ही रहने वाले हैं। इन्हें बेहद नाजुक हालत में अलीगढ़ भेजा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।