मजदूर की मौत के बाद सड़क पर शव को रखकर जाम लगाते ग्रामीण़।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव खेड़ा टिकारी में विद्युत पोल लगाते समय पोल में करंट आ गया। करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी और कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने गांव के अंदर से हाइटेंशन लाइन हटाने व मृतक के परिजनों को मुआवजे की मांग को लेकर सलेमपुर-सासनी रोड पर शव को रखकर जाम लगा दिया और आक्रोश जताया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सासनी और पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत किया। इस मामले में पीड़ित की ओर से थाना हाथरस जंक्शन में तहरीर दी गई है।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गांव खेड़ा टिकारी में इन-दिनों विद्युत लाइन खींचने का काम चल रहा है। वहां हाइटेंशन लाइन पहले से ही है। शनिवार को जब कुछ मजदूर खंभा लगा रहे थे तो ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से पोल टच हो गया। इस कारण राजकुमार (45 वर्ष) पुत्र लीलाधर निवासी टिकारी विद्युत करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने हाइटेंशन लाइन को गांव से हटाने और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर सलेमपुर सासनी मार्ग पर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मामले की जानकारी होने पर एसडीएम सासनी नीतीश कुमार और हाथरस जंक्शन पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव वहां से हटवाया। इस मामले में एक्सईएन सासनी राजकुमार का कहना है मामले की जांच विद्युत सुरक्षा निदेशालय द्वारा की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।