हाथरस। शहर कोतवाली क्षेत्र में बौहरे वाली देवी के सामने स्थित प्रेमनगर कॉलोनी में बुधवार की सुबह चार बजे एक शीतगृह स्वामी के घर पर फायरिंग की, जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। लोगों ने फोन पर कोतवाली पुलिस को भी घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से जानकारी की, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग करने वाले युवक वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि शीतगृह स्वामी अंकित वार्ष्णेय के घर जब सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थी। उसी समय कुछ युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। फायरिंग करने वालों के चहरे घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भी दिखाई दे रहे हैं। शीतगृह स्वामी ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं हैं, लेकिन कोई रंगदारी दिखाने की नीयत से ऐसा करा रहा है। उन्होंने सीसीटीवी के कैमरों की फुटेज और तहरीर भी कोतवाली पुलिस को सौंप दी है।