हाथरस। मोहनगंज में एक बंद मकान में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। जल्द ही कोतवाली पुलिस और दमकल ने आग पर काबू पा लिया। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और इससे घर में रखे टीवी, पंखे, बैड, सोफा आदि जलकर राख हो गए।
यह मकान शशि भारद्वाज पुत्र बद्री प्रसाद भारद्वाज का है। उनका बस स्टैंड पर होटल है। यह मकान अक्सर बंद रहता है। आग लगने से कुछ समय पहले ही परिजन यहां ताला लगाकर गए थे। इसके बाद जब आसपास लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा तो उन्होंने आग बुझाने के लिए कई बाल्टी पानी डाला। इस पर भी जब आग नहीं बुझी तब लोगों ने पुलिस को फोन किया, क्योंकि सदर कोतवाली से इस मकान की दूरी बहुत ज्यादा नहीं थी, इसलिए कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसान मेले के लिए जा रही दमकलों को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने ऊपरी मंजिल पर मौजूद घर के दरवाजे तोड़े और बिजली का कनेक्शन काट दिया। इसके बाद दमकल ने आग बुझाने के लिए पानी को घर में छोड़ा। पुलिस और दमकल की कोशिश से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।