कोल्ड स्टोर के चैंबर के अंदर आग की स्थिति देखते अग्निशमन कर्मी।
- फोटो : Amar Ujala
विजयगढ़ रोड पर गांव नगला सेवा स्थित साईं कोल्ड स्टोर के चैंबर में मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे उसमें रखा 50 फीसदी आलू जलकर राख हो गया। आग चैंबर में मशीन के जरिये दवा लगाते समय लगी। कोल्ड स्टोर संचालक प्रेमपाल सिंह सोलंकी का कहना है कि करीब 30-40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विजयगढ़ रोड स्थित खंडेलवाल पुलिस चौकी के पीछे गांव नगला सेवा के जंगल में साईं कोल्ड स्टोर बना हुआ है। मंगलवार को कोल्ड स्टोर के चैंबरों में रखे आलू में शुगर खत्म करने के लिए राजहंस फर्टिलाइजर्स कंपनी की नोजरमा एग्रो केमिकल दवा उक्त कंपनी के ही कर्मचारियों द्वारा ठेके पर लगाई जा रही थी, जिसके शुगर फ्री चैंबर में दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। कोल्ड स्टोर संचालक सोलंकी ने बताया कि दवा लगाने के दौरान ही इस मशीन से निकली चिंगारी के कारण ही आग लगी।
आग बुझाने के लिए पहले सासनी से दमकल की एक गाड़ी पहुंची, लेकिन बाद में आग का भीषण रूप देखकर एक गाड़ी अलीगढ़, एक सिकंदराराऊ, एक सादाबाद से बुलाई गई, जबकि तीन गाड़ियां हाथरस से मौके पर पहुंच गई। इस तरह दमकल की कुल सात गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग की दमकलें स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने में सफल हो सकीं। जिला अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र प्रताप और अलीगढ़ से मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र प्रताप का कहना है कि शाम करीब छह बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। क्षति होने का आकलन मालिक द्वारा अभी बताया नहीं गया है।
-अरविंद कुमार, सीएफओ अलीगढ़