हाथरस। सदर कोतवाली में एक ही परिवार के लोगाें के बीच जमकर नोक-झाेंक हुई। एक लड़की ने अपने चाचा पर शादी का खर्चा नहीं देने का आरोप लगाया। लड़की की शादी हाल ही में तय की गई है। लड़की ने चाचा पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया। कहा कि दो साल पहले हत्या के बाद उसके चाचा ने सारा खर्चा उठाने की बात कही थी। हंगामे के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया और लिखित शिकायत देने पर कार्रवाई की बात कही। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव में दो साल पहले एक परिवार के दो भाइयों में जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान एक भाई ने दूसरे को पत्थर दे मारा था। आरोप है कि पत्थर लगने से मौके पर ही एक भाई की मौत हो गई थी। तब परिवार के लोगों ने आरोपी के विरुद्ध थाने में एक शर्त पर शिकायत नहीं की थी। इस शर्त के अनुसार आरोपी को मृतक भाई के घर का खर्चा चलाना था और उसकी दोनों बेटियों की शादी का खर्च भी उठाना था। इनमें से एक की शादी हाल ही में तय हुई तो चाचा शादी की बात से मुकर गया। लड़की के परिजन थाने आ गए। पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी बुला लिया। थाने में देर तक हंगामा हुआ। एसएसआई नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को अपनी शिकायत लिखित रूप में देने क ो कहा गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और वे घर चले गए। आरोपी चाचा ने शादी का कुछ खर्चा दे दिया, जिस पर दूसरा पक्ष मान गया।