कस्बे में सोमवार की दोपहर एटा जीटी रोड स्थित गांव गढ़िया के समीप साइकिल से गांव जा रहे किसान को बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया। बाइकर्स किसान से थैले में रखी 1.06 लाख रुपये की नकदी लूट ले गए। किसान 56 हजार की नकदी थैले में गांव से लेकर चला था जबकि जबकि बाकी 50 हजार रुपये उन्होंने सिकंदराराऊ की स्टेट बैंक शाखा से निकाले थे। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कोतवाली सिकंदराराऊ में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज कराई है। किसान यह नकदी नलकूप के कनेक्शन के लिए लेकर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार गांव नगला ढक निवासी करन सिंह पुत्र पीतांबर सिंह गांव से 56 हजार रुपये लेकर सिकंदराराऊ आए। यह नकदी थैले में रखी हुई थी। यहां से उन्होंने एसबीआई की स्थानीय शाखा से 50 हजार रुपये निकाले और साइकिल पर टंगे थैले में रख लिए। करन सिंह को नलकूप का कनेक्शन कराना था। अवर अभियंता विद्युत से उन्होंने बात की तो जेई ने कहा कि सोमवार को वह नहीं आ रहे, इसलिए मंगलवार को आकर अपना एस्टीमेट ले लें।
करन सिंह वापस गांव जा रहा थे कि गांव गढ़िया के आगे बाइक सवार तीन युवक आए और उनकी साइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया। करन सिंह जैसे ही सड़क पर गिरे, बाइक सवारों ने उतरकर तमंचे उनकी कनपटी पर सटा दिए और साइकिल पर टंगे थैले को उतारकर अपने कब्जे में कर लिया। इस दौरान करन सिंह ने विरोध किया तो उसे पीटकर घायल कर दिया गया। करन सिंह ने कोतवाली आकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।