ईदगाह पर केसरिया झंडे लहराते दो युवक।
- फोटो : अमर उजाला
कुछ शराराती तत्वों ने रविवार को शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इसके चलते इन लोगों ने ईदगाह पर केसरिया झंडे फहरा दिए। दूसरे पक्ष के लोगों ने जब शहर के इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर केसरिया झंडे लगे देखे तो अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस पर अधिकारी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और झंडे उतरवाए। पुलिस झंडे फहराने वालों की तलाश कर रही है।
सोेमवार की दोपहर को मुरसान गेट स्थित पुष्पांजलि गेस्ट हाउस में बजरंग दल का जिला स्तरीय सम्मेलन था। इसमें संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इस गेस्ट हाउस के सामने ही शहर का सबसे बड़ा ईदगाह है। इस दौरान किसी ने इस ईदगाह पर केसरिया झंडे लगा दिए। कुछ समय बाद जब दूसरे समुदाय के लोगों ने अपने धार्मिक स्थल पर केसरिया झंडे लगे देखे तो उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पुलिस पहुंच गई और आनन-फानन यह झंडे हटवाए। पुलिस ने बजरंग दल के कुछ पदाधिकारियों से भी इसे लेकर पूछताछ की। बजरंग दल के जिला संयोजक प्रशांत मिश्र का कहना है कि उनके संगठन ने इस तरह की कोेई हरकत नहीं की है। यह किसी शरारती तत्व का काम है। पुष्पांजलि में उनके संंगठन का सम्मेलन शांतिपूर्वक हुआ है।
ईदगाह पर केसरिया झंडे लगने की सूचना मिली थी। उन्हें हटवा दिया गया है। जिन लोगों ने यह झंडे लगवाए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
- सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी