हाथरस। सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव बिसावर की रहने वाली वृद्धा राममूर्ति पत्नी रामबाबू ने एसपी को शिकायत करते हुए अपने बेटे हरिओम पर मकान हड़पने का आरोप लगाया है। आरोपी ने फर्जी बैनामा कर अपनी मां का मकान हड़प लिया और इस पर लोन भी ले लिया। इस संबंध में सादाबाद कोतवाली में बीते साल अक्तूबर में बैंक प्रबंधक समेत दस लोगों के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज हो चुका है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर वृद्धा ने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।
राममूर्ति ने अपने बेटे पर मकान हड़पने और मारपीट कर घर से निकाले जाने का आरोप लगाया है। वृद्धा के मुताबिक पति की मौत के बाद आरोपी बेटे हरिओम ने वृद्धा और उनकी एक बेटी व दो दृष्टिहीन बेटों को मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। सभी एक दुकान में रहने को मजबूर हैं। आरोपी ने जून 2014 में मकान का फर्जी बैनामा करा लिया और मकान की वसीयत अपने दो बेटों के नाम कर दी। बैेक से मिले लोन की रकम से वह मकान को तुड़वाकर नये सिरे से बनवा रहा है। इसका विरोध करने पर उसने अपनी मां और भाईयों के साथ मारपीट की। एसपी ने वृद्धा को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।