एटा रोड स्थित एक होटल पर खड़े कंटेनर का ताला तोड़कर साढ़े छह लाख रुपये की चाय चोरी कर ली गई। चोर कंटेनर में रखे चाय के 140 कार्टन ले गए। कंटेनर के चालक ने कोतवाली पुलिस से शिकायत करते हुए चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने को कहा है।
रमेश पुत्र जुगेन्द्र सिंह निवासी गांव सराय थाना सिकंदराराऊ ने कोतवाली पुलिस को शिकायत करते हुए कहा है कि शनिवार की रात वह हिन्दुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड का कंटेनर लेकर जीटी रोड एटा से अम्बाला के लिए रवाना हुआ था।
कंटेनर में चाय की पत्ती के सैकड़ों कार्टन थे। सिकदराराऊ में पुरानी चूना भट्टी के निकट एक होटल पर कंटेनर को खड़ाकर चालक खाना खाने में लग गया। चालक ने कुछ देर बाद हेल्पर गब्बर को भी होटल पर खाना खाने के लिए भेज दिया।
रात को दोनों कंटेनर से कुछ दूरी पर ही सो गए। सुबह उठने पर उन्हें कंटेनर का ताला टूटा मिला और चाय पत्ती के 140 कार्टन नदारद मिले। इस चाय की कीमत करीब साढे़ छह लाख रुपये है। वहीं इस मामले में कोतवाल राजवीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सिकंदराराऊ। शहर की राधा नगर कॉलोनी में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए घर में रखा सामान और कुछ जेवरात चोरी कर लिए।
चोरी की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई है। दिनेश पुत्र शैतान सिंह निवासी राधानगर कालोनी अपने परिवार के साथ गांव सिहोरी गये हुए थे।
शनिवार रात को चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और घर में रखे जेवरात, दो गैस सिलेंडर, टीवी तथा अन्य सामान चोरी कर ले गये। रविवार सुबह कॉलोनी के लोगों ने दिनेश को चोरी की जानकारी दी।