सिकंदराराऊ (हाथरस)। दिल्ली में एक व्यक्ति की हत्या के मामले का भगोड़ा आरोपी शनिवार रात गश्त के दौरान सिरोही मोड़ पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 2014 में दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर हत्या करने के बाद पुलिस से बचने के लिए वह पुरदिलनगर में किराये के मकान में रहने लगा था। पुलिस ने उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम नितिन चौधरी उर्फ सोनू पुत्र देवकरण है। वह दिल्ली में संजय मार्केट मंगोलपुरी कलां सेक्टर रोहिणी का रहने वाला है। सोनू पर 2014 में दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर अपने साथी महेश कुमार उर्फ सन्नी पुत्र सतनारायण निवासी गोपालनगर नजफगढ़ के साथ मिलकर एक शख्स की हत्या करने का आरोप है। इसके अलावा सोनू पर लूट का मामला दिल्ली की पटियाला कोर्ट में चल रहा है। कोर्ट से इसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। सोनू काफी दिन पहले पुरदिलनगर में आ गया और किराए का मकान लेकर रहने लगा था।
शनिवार की रात पुरदिलनगर चौकी पुलिस गश्त पर थी। तब इसे जलेसर रोड स्थित गांव सिरोही के मोड़ पर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर इसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। इसके पास के एक वाई फाई जियो का और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। मोबाइल फोन में जम्मू-कश्मीर का सिम है। संदिग्ध जान कर पुलिस ने गहन पूछताछ की तो पूरा राज खुल गया। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से रिकार्ड मंगाया गया तो यह तथ्य सामने आए। कोतवाल मनोज कुुमार शर्मा का कहना था कि हो सकता था कि यह यहां किसी वारदात को अंजाम देने के लिए रहने लगा था। इसके मंसूबे सफल हो पाते, उससे पहले उसे गिरफ्तार कर लिया गया।