सिकंदराराऊ। मैनपुरी में चल रही सेना भर्ती में जाने के लिये रोडवेज की बसें नाकाफी साबित हो रही हैं। सोमवार को बसों में अंदर सीट न मिल पाने के कारण मजबूरी में युवकों को बसों की छतों पर बैठ कर यात्रा करनी पड़ी। सुबह से लेकर शाम तक बसों का यही हाल रहा। भीड़ के चलते दैनिक यात्री खासे परेशान हुये। मैनपुरी में आजकल सेना में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। कई दिन से चल रही प्रक्रिया में भाग लेने के लिये सैंकडों युवक प्रतिदिन बसों से मैनपुरी की यात्रा कर रहे हैं। रोडवेज बसें वैसे भी मैनुपरी रूट के लिये कम हैं ऊपर से भर्ती के लिये युवकों के रेले के चलते यात्रा में काफी परेशानी सामने आ रही है। सीधी मैनुपरी के लिये ज्यादा बसें न होने के कारण युवक एटा जाकर वहां से मैनपुरी के लिये बसें पकड़ रहे हैं।