फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा के कपड़ा व्यापारी पर लुटेरों ने झोंका फायर 

Sat, 07 May 2016 11:42 PM IST
हाथरस/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
व्यापारी से पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
विज्ञापन
हाथरस। बेखौफ नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने आगरा के कपड़ा व्यापारी से लूट की कोशिश की। विफल रहने पर व्यापारी पर फायर झोंकते हुए बदमाश भाग निकले। इस हमले में व्यापारी ने एक रेडीमेड गारमेंट्स फैक्ट्री में घुसकर अपनी जान बचाई। घटना के कुछ देर बाद ही मौके पर आला पुलिस अधिकारी पहुंच गए। हालांकि व्यापारी ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं करने की बात कहकर कोतवाली पुलिस को राहत दे दी। 
विज्ञापन


घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। उस समय आगरा की कमला नगर, नेहरू कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यापारी राकेश अग्रवाल पुत्र बालकृष्ण अग्रवाल चक्की बाजार में पेमेंट लेने पहुंचे थे। इनकी सुभाष बाजार में कपड़ों की दुकान है। वह परिषदीय विद्यालयाें में पढ़ने वाले बच्चों की ड्रेस का कपड़ा शहर की गारमेंट्स फैक्ट्रियों में सप्लाई करते हैं। वह पेस्टिंग का सामान भी यहां की फैक्ट्रियों को बेचते हैं। इसके पेमेंट के लिए हर हफ्ते वह यहां आते हैं। घटना के समय व्यापारी के हाथ में सूटकेस लगा हुआ था। दो नकाबपोश बदमाश सफेद रंग की शर्ट पहने काले रंग की बाइक पर भारत भवन के सामने पहुंचे। यहां व्यापारी से उन्होंने सूटकेस छीनने की कोशिश की। मौजूद लोग बदमाशों की यह हरकत देख ही रहे थे। व्यापारी ने सूटकेस को बदमाश की पकड़ से छुड़ाया और एक गारमेंट्स फैक्टी के अंदर दौड़ लगा दी। तभी एक बदमाश ने तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया। हमले में व्यापारी बाल-बाल बच निकले। फायर की आवाज सुनकर बाकी गारमेंट्स कारोबारी अपनी दुकानाें से बाहर निकल आए। यह देखकर लुटेरे मेंडू गेट की ओर भाग निकले। भागते हुए रास्ते में मौजूद भीड़ को हटाने के लिए पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और उसमें कारतूस भरना शुरू कर दिया। रास्ते से लोग हट गए। आरोपी भागने में कामयाब हो गए। घटना के बाद सदर कोतवाली एसओ मनोज शर्मा बाइक पर पहुंच गए। इनके बाद एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा पहुंचे। व्यापारी ने सूटकेस में रकम होने की बात से इंकार कर दिया। कहा कि सूटकेस खाली था। उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत करने से भी इंकार कर दिया। व्यापारी ने चुपचाप किराए पर एक कार मंगाई और आगरा की ओर निकल लिए। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि व्यापारी ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। एक दरोगा को आगरा भेजा गया है। अगर व्यापारी शिकायत करेंगे तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच में ऐसा लग रहा है कि फायर लूट के लिए नहीं किया गया। यह रंजिशन किया गया हमला हो सकता है। लुटेरों ने बाइक नहीं रोकी और न ही सूटकेस या थैला छीनने की कोशिश की। जो फायर किया, वो भी जमीन पर किया गया। चक्की बाजार में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। घटनास्थल वाला सीसीटीवी कैमरा खराब है। इसे दिखवाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें