हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भोजपुर में जहर खाने के बाद 24 साल की विवाहिता प्रीति की मौत के मामले में पुलिस ने ससुरालियों के विरुद्ध धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पति, सास और ससुर पर प्रीति को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
प्रीति के पिता महावीर सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी को कार के लिए ससुराली परेशान कर रहे थे। चार साल पहले हुई शादी में दस लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए गए थे। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव लक्षिमपुर निवासी पति मुनीम से विवाद के बाद वह चार महीने से अपने मायके भोजपुर में ही रह रही थी। आरोप है कि शुक्रवार को परामर्श केंद्र में आरोपियाें ने प्रीति को जमकर प्रताड़ित किया, जिसके बाद उसने जहर खा लिया। एसओ केपी सिंह के मुताबिक पुलिस ने प्रीति के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मुनीम, उसके पिता मक्खन सिंह और मां भूदेवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।