स्कूटी चोर पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
सहपऊ। कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चोरी की स्कूटी सहित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि युवक स्कूटी संख्या यूपी 80 सीडी-2548 के ऊपर 50 किलो गेहूं का बोरा लादकर क्षेत्र के गांव वासवित्ता से निकलकर भाग रहा था।
उसके पीछे कुछ ग्रामीण भी बाइकों पर चोर-चोर चिल्लाते हुए दौड़ रहे थे। उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रही पीआरवी एवं स्थानीय पुलिस की भी गाड़ियां वहां से गुजरी। जब पुलिस ने चोर और उसको पकड़ने दौड़ रहे ग्रामीणों के साथ पुलिस ने भी उसका पीछा किया और उसे दबोच लिया। कुछ ग्रामीणों ने उसको पीटने की कोशिश की तो पुलिस ने उसको बचा लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गुड्डू पुत्र सुरेशचंद्र निवासी गांव पैसई थाना खंदौली जिला आगरा बताया।
उसने बताया कि वह इस गांव से गेहूं का बोरा चोरी कर भाग रहा था। उसने इस स्कूटी को भी आगरा बिजलीघर से चुराया है। जामा तलाशी में पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस टीम में कोतवाल के अतिरिक्त एसआई रामकुमार एवं एसआई निधि कांत भी शामिल थे। ब्यूरो