हाथरस। एआरटीओ कार्यालय से लापता युवक गांव अमरपुर घना का सोनू उर्फ सोनवीर था। उसके भाई आकाश ने थाना हाथरस गेट पुलिस को शिकायत करते हुए युवक के अपहरण की आशंका जताई है। आकाश का कहना है कि 22 फरवरी को 10-12 हथियारबंद लोगों ने एआरटीओ कार्यालय से उनके भाई का अपहरण किया था। आकाश का कहना है कि अपहरण के बाद पुलिस या एसओजी के उनके भाई को उठाए जाने की आशंका जताई जा रही थी। इसके बाद हर थाने में उन्होंने संपर्क कर भाई की तलाश की गई, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी संभावना से इंकार कर दिया। पुलिस के हिरासत में लेने की बात से इंकार करने के बाद सोनू के अपहरण की आशंका गहरा गई है। हाथरस गेट पुलिस ने इस मामले में अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। हालांकि पुलिस सोनू का पता लगाने में जुट गई है। गौरतलब है कि 22 फरवरी को एआरटीओ कार्यालय से युवक को हथियारबंद लोगों ने उठा लिया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। कोतवाली हाथरस गेट के प्रभारी राजेश्वर त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जाएगी। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।