क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
शहर के मेंडू रोड स्थित महादेव कॉलोनी की एक दुकान के गल्ले से किशोर ने 20 हजार रुपये पार कर दिए। दुकानदार ने किशोर पर शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ कर रही है।
विनय कुमार सिंह के मुताबिक उनकी कॉस्मेटिक की दुकान पर किशोर साड़ी की फॉल और अस्तर लेने पहुंचा था। वह दूसरी दुकान से फॉल और अस्तर लेने गए, तभी किशोर ने उनके गल्ले में रखे पर्स से 20 हजार रुपये पार कर दिए।
गल्ले से रुपये पार होने पर उनका शक जब किशोर पर गया तो वह आरोपी के घर पहुंचे। यहां परिजनों ने चोरी की बात से इंकार कर दिया। परिजनों ने कहा कि उनका बेटा साड़ी की फॉल और अस्तर लेने गया ही नहीं था।
इसे अपनी भूल समझकर विनय कुमार सिंह लौट आए, लेकिन अगले ही दिन आरोपी के घर के सामने वाले प्लॉट में यह फॉल और अस्तर पड़े मिले। जिससे उनका शक पक्का हो गया।
विनय कुमार सिंह ने कहा है कि पहले भी उनकी दुकान से पांच हजार रुपये का अंडरवियर और बनियान का थैला चोरी हो गया था। उसके पीछे भी इसी किशोर का हाथ था। वहीं पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।