न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला पंचायत अध्यक्ष बनकर किसी व्यक्ति ने फोन पर बिजली महकमे के एसडीओ से अपशब्द बोले। इसकी शिकायत उक्त एसडीओ ने उच्च अधिकारियों से की है और सदर विधायक से भी इस बारे में शिकायत की। इधर जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव का कहना है कि उन्होंने किसी को फोन नहीं किया है। किसी ने उनके नाम का दुरुपयोग किया होगा।
गुरुवार की दोपहर बिजली महकमे के एसडीओ सलेमपुर डीके शर्मा पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को जिला पंचायत अध्यक्ष बताया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए यह बोला कि वह आखिर उसका फोन क्यों नहीं उठाता। फोन करने वाले ने धमकी यदि उसका फोन नहीं उठाया तो वह उसे उठवा लेगा। इस पर परेशान एसडीओ ने सदर विधायक हरीशंकर माहौर को इस बारे में बताया।
फोन चूंकि किसी पुरुष का आया था। इसलिए ऐसे में विधायक ने यह स्पष्ट किया कि जिला पंचायत अध्यक्ष तो एक महिला हैं। किसी ने फर्जी फोन किया है। एसडीओ इसकी जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी है। इधर जिला पंचायत अध्यक्ष ओमवती यादव का कहना है कि उन्होंने किसी इस तरह का फोन नहीं किया है। किसी ने उनके नाम का दुरुपयोग किया होगा।