कोतवाली सदर क्षेत्र में बस स्टैंड के निकट चोरों ने एक कार से 5.40 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग पार कर दिया। जिस समय यह घटना हुई, तब कार स्वामी पंक्चर होने के कारण कार का पहिया बदल रहा था। जब उसने लौटकर देखा तो कार के अंदर से नकदी से भरा बैग गायब था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। घटना के संबंध में सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार शुभम अग्रवाल निवासी वसुंधरा कॉलोनी मुरसान गेट हाथरस अपनी आगरा रोड स्थित फॉर्माटेक ट्रेक्टर्स की एजेंसी से कार लेकर घर जा रहे थे। इस कार में 5.40 लाख रुपये से भरा एक बैग भी रखा हुआ था। आगरा रोड पर बस स्टैंड के पास उनकी कार पंक्चर हो गई। जब वह अपनी कार से स्टेपनी निकालकर पहिया बदलने लगे तो चोरों ने मौका देखकर उनकी कार में रखा बैग पार कर दिया। जब वह पहिया बदलने के बाद कार के अंदर बैठे तो नकदी से भरा बैग देखकर उनके पांव तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने आसपास के लोगों को इस घटना की जानकारी दी और वहां मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की तो सभी भौचक रह गए। घटना के बारे में उन्होंने अपने परिजन और अन्य लोगों को भी अवगत कराया। मौके पर उनके परिजन भी पहुंच गए और कोतवाली पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया। पुलिस ने भी आसपास के लोगों से चोरी करने वालों के बारे में पता करने के प्रयास किए, लेकिन पुलिस को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। ज्ञात हो कि शहर में तालाब चौराहा और बस स्टैंड आदि सार्वजनिक स्थानों पर लुटेरे, जेबकतरे और चोरों के गैंग सक्रिय हैं। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी ने बताया कि घटना की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जाएंगे।