अमर उजाला ब्यूरो, सासनी।
बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की दोपहर को एक ग्रामीण से 18 हजार रुपये की नकदी लूट ली। यह ग्रामीण क्षेत्र के गांव नगला फतेला से ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में रुपये जमा करने आए थे, लेकिन किसी कारण से यह नकदी बैंक में जमा नहीं होने के कारण वह गांव लौट रहे थे। जैैसे ही वह हनुमान चौकी के निकट पहुंचा तो बाइक सवार बदमाशों ने इससे यह रकम छीन ली। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।
पीड़ित ग्रामीण नगला फतेला निवासी मनोहर सिंह ने बताया कि मंगलवार को करीब 12 बजे वह 18 हजार रुपये बैंक में जमा करने के लिए सासनी आया था। बैंक में कनेक्टिविटी की समस्या के चलते यह पैसा वह जमा नहीं कर सका। इससे वह रुपये अपनी जेब में रखकर अपनी साइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह हनुमान चौकी क्षेत्र में राधिका ढाबे के निकट पहुंचा। पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया।
इस दौरान बदमाश उसे मारपीट करते हुए ढाबे के पीछे टावर की तरफ बाजरा के खेत में ले गए। जहां बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया और उससे 18 हजार रुपये छीन लिए और भाग गए। घबराए ग्रामीण ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल होने के कारण इसका सीएचसी पर उपचार भी कराया गया। सासनी एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई गई। मामला मारपीट का है, फिर भी पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पर मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।