न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट के अलीगढ़ रोड स्थित एक गांव में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया। वहीं बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई।
आरोप है कि सात साल की एक बच्ची बुधवार की रात को घर के बाहर शौच करने गई। यहां पर मिले गांव के ही एक अधेड़ ने बच्ची से छेड़छाड़ करते हुए उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची उससे बचकर अपने घर पहुंची तो उसने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी अपनी मां को दी।
दूसरे दिन यह जानकारी बच्ची के पिता को हुई तो वह बच्ची को लेकर कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया। वहीं बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। एसएसआई विपिन कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई है। आगे की कार्रवाई मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।