एसओजी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पकड़ी गई अंग्रेजी शराब।
- फोटो : अमर उजाला
सासनी। कोतवाली पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम ऊतरा के निकट नानऊ रोड से संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 250 पेटी हरियाणा ब्रांड अंग्रेजी शराब और एक बिना नंबर की मोटर साइकिल भी बरामद की है। जबकि उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं भादसं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्राधिकारी रामशब्द यादव और प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि नानऊ रोड पर थाना क्षेत्र की सीमा के निकट नदी पुल के पास बने एक कमरे में शराब रखी हुई है। प्रभारी निरीक्षक कैलाश बाबू, एसआई संतोष कुमार, आशीष कुमार और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, आरक्षी मनोज कुमार, सचिन कुमार, एसओजी प्रभारी सुधीर राघव, सवलेंद्र प्रताप, भूपेंद्र राघव, सचिन कुमार, अजय चौधरी, जितेंद्र सिंह, सचिन धमा और गुरुमीत चौधरी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम गुरुदीप पुत्र वंत सिंह निवासी रामगढ़ थाना तल्लेबाल जनपद बरनाला पंजाब बताया है, जबकि उसका दूसरा साथी बंटी पुत्र चंदपाल निवासी नगला बत्तीसा थाना सासनी मौके से भाग गया। आरोपी की निशानदेही से पुलिस ने 250 पेटी अंग्रेजी शराब हरियाणा ब्रांड एवं सीडी डीलक्स बिना नंबर की बाइक बरामद की है। बाइक भी चोरी की होने का शक है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये है।