क्राइम डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
अपने दोस्त की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपी शैलेंद्र कुमार जादौन हाल निवासी आदर्श नगर का कहना है कि उसका दोस्त से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। दोस्त ने उसे फंसाने के लिए झूठा आरोप लगाया है।
18 जून को हसायन थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़ित किशोरी के पिता ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा था कि उन्होंने अपनी 16 वर्षीय बेटी को पढ़ाई करने के लिए हाथरस के आदर्श नगर में रह रहे दोस्त के यहां भेजा था। आरोपी मूल रूप से उनके गांव का रहने वाला है। 28 मई की रात को आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया। पुलिस ने 18 जून को ही आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था।