हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मथुरा से हाथरस पहुंची पैसेंजर ट्रेन से उतरे एक युवक से तलाशी में पुलिस ने 20 किलो चांदी और 40 हजार रुपये बरामद किए। इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। युवक पर शक होने के बाद जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया। वहीं आरोपी युवक का कहना था कि वह पॉलिश कराने के लिए चांदी को मथुरा ले गया था। देर शाम तक आरोपी युवक से पूछताछ जारी थी।
हाथरस में बड़े पैमाने पर चांदी के घुंघरू और पायल तैयार की जाती हैं। सोमवार को पैसेंजर ट्रेन से भारी-भरकम थैले के साथ उतरे कमला बाजार के एक युवक को देखकर जीआरपी के सिपाहियों को शक हुआ। तलाशी में उसके थैले से चांदी की पायलों के लिए तैयार घुंघरू आदि बरामद किए। आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि वह चांदी का कारोबार करता है। वह चांदी के सामान को मथुरा पॉलिश कराने ले गया था। पॉलिश कराकर चांदी लेकर ट्रेन से लौट रहा था। उसे इस चांदी को सोमवार को आगरा में एक कारोबारी के यहां ले जाना है।
युवक ने जीआरपी को बताया कि उसके पास चांदी के सभी बिल मौजूद हैं, लेकिन मांगे जाने पर आरोपी युवक बिल नहीं दिखा सका। जीआरपी ने कर चोरी के अंदेशे पर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी है। वाणिज्य कर अधिकारी उमेश सिंह ने बताया कि पुलिस से उन्हें चांदी का सामान मिलने की जानकारी मिली है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जीआरपी थाने के एसओ सोनू राजौरा का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।