ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस/हसायन।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के चावल के दो बोरे पकड़े जाने के बाद कस्बे में शनिवार की देर शाम जमकर हंगामा हुआ। एक दुकान के बाहर रखे इन बोरों पर वहां से निकल रहे भाजपाइयों की नजर पड़ी तो उन्होंने दुकानदार से इस बारे में पूछा, लेकिन दुकानदार ने कह दिया कि उसे इसकी कोई जानकारी नहीं है।
दो युवक बाइक पर आए थे और इन बोरों को यहां डालकर चले गए। दुकानदार ने इन युवकों के नाम भी भाजपाइयों को बताए। सूचना पर हसायन कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। मामला डीएम तक पहुंचा तो उन्होंने आपूर्ति निरीक्षक को जांच के लिए भेजा। पूर्ति निरीक्षक ने दोनों बोरे जब्त कर लिए हैं और दुकानदार द्वारा बताए गए दोनों युवकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, भाजपाई हसायन की बैठक खत्म करके लौट रहे थे। तभी उनकी नजर पुरदिलनगर मार्ग स्थित वीरपाल की दुकान के बाहर रखे चावल से भरे इन बोरों पर पड़ी। मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष शिशुपाल सिंह, सत्यपाल सिंह, अवधपाल सिंह, भानुप्रताप आदि भाजपा नेता थे। इन बोरों पर सरकारी मोहर लगी थी, जिससे भाजपाइयों को संदेह हुआ।
उन्होंने इसकी सूचना तुरंत एसओ हसायन प्रवीण कुमार को दी तो वह वहां पहुंच गए। दुकानदार से पूछा तो उसने बताया कि दो युवक इन बोरों को यहां फेंक गए हैं। डीएम के निर्देश पर पहुंचे आपूर्ति निरीक्षक ने दोनों बोरों को अपने कब्जे में ले लिया। भाजपाइयों का कहना था कि क्षेत्र में बड़े पैमाने सरकारी राशन सामग्री की कालाबाजारी की जा रही है। भाजपाइयों ने इसे लेकर वहां हंगामा भी किया।